खंडवा। अति प्राचीन महादेवगढ़ मंदिर में सावन माह के दौरान आयोजित अखंड ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र जप, शिव पार्थेश्वर पूजन एवं हनुमत शक्ति जागरण महा अनुष्ठान का शनिवार को विधिवत समापन हुआ। अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा 4 लाख 31 हजार 132 से अधिक हनुमान चालीसा पाठ किए गए।
मंदिर संरक्षक अशोक पालीवाल एवं अखिलेश गुप्ता ने बताया कि अनुष्ठान के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने यज्ञ में पूर्णाहुति अर्पित कर धर्म एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के इस आयोजन को पूर्ण किया।
संत-महात्माओं का मिला सानिध्य
महा अनुष्ठान का संचालन आचार्य पंडित अश्विन खेड़े के आचार्यत्व में हुआ। आयोजन के दौरान सिद्ध संत-महात्माओं का सानिध्य एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। इनमें हरिद्वार के रामानंद संप्रदाय के पूज्य महाराज, ओंकारेश्वर षट् दर्शन मंडल के अध्यक्ष मंगलदास महाराज तथा ओंकारेश्वर पयहारी आश्रम के महाराज शामिल रहे।
8 वर्ष के बालक से 98 वर्ष के बुजुर्ग तक ने किया पाठ
इस महा अनुष्ठान की विशेषता यह रही कि इसमें 8 वर्ष की आयु के बालक से लेकर 98 वर्ष के बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक हनुमान चालीसा का पाठ किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरे सावन माह मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
आयोजन में पंडित उमेश डोरवाल मंडल की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। इस अवसर पर मंदिर समिति के विनोद अग्रवाल, मोहन पालीवाल एवं प्रेम नारायण पीपलोनिया सहित अन्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
