खंडवा: श्री दादाजी मंदिर नवनिर्माण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तन्वे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
पिछली बैठक में चयनित 5 वेंडर्स के मार्बल एवं नक्काशी की रिपोर्ट समिति के सामने पेश की गई। मार्बल व नक्काशी गुणवत्तापूर्ण न पाए जाने पर समिति ने सर्वसम्मति से 1 वेंडर की रिपोर्ट को निरस्त कर दिया।

निर्णय लिया गया कि समिति के सदस्य शेष 4 वेंडर्स द्वारा पूर्व में बनाए गए मंदिरों का मौके पर जाकर अंतिम निरीक्षण करेंगे। इसके बाद अगली बैठक में इन चारों वेंडर्स को बुलाकर अंतिम चयन किया जाएगा, जिससे मंदिर निर्माण कार्य को गति मिल सके।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी वेंडर्स का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।विधायक कंचन तन्वे ने मंदिर निर्माण की भावी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। वहीं कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने आर्किटेक्ट वीरेंद्र त्रिवेदी से चर्चा कर मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं प्लंबिंग (MEP) के कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

