खंडवा। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 जी-1 के तत्वावधान में आयोजित ‘जश्न’ अवार्ड समारोह में खंडवा की संजना खत्री को उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए ‘स्टार ऑफ द डिस्ट्रिक्ट’ सम्मान से नवाजा गया।
संजना खत्री ने माइक्रो कैबिनेट के अंतर्गत पूरे वर्ष ई-वेस्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का निरंतर संचालन किया। उनके सेवा कार्यों और पर्यावरण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को समारोह में विशेष रूप से सराहा गया।
पर्यावरण सुधार एवं समाज सेवा के क्षेत्र में मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट स्तर पर किए गए कार्यों के आधार पर संजना खत्री को तीन मल्टीपल अवार्ड्स से भी सम्मानित किया गया।
समारोह में पूर्व रीजन चेयरपर्सन राजीव मालवीया, नारायण बाहेती, गुरमीत सिंह उबेजा, राजीव शर्मा, जोन चेयरपर्सन आशा उपाध्याय और घनश्याम वाधवा सहित लायंस क्लब के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
संजना खत्री को मिले सम्मान पर संस्था के सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
