ओंकारेश्वर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को सपत्नीक ओंकारेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने एकात्म धाम परिसर में पंचायतन मंदिर के भूमिपूजन एवं शिला पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने यज्ञ वेदी पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा के समक्ष नमन किया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने संत-महात्माओं का गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं सम्मान किया। संतों से आशीर्वाद लेने के बाद मुख्यमंत्री सपत्नीक यज्ञ वेदी पर पहुंचे।
इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायतन मंदिर के निर्माण की विधिवत शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओंकारेश्वर में धार्मिक और आध्यात्मिक विकास के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 से पहले मंदिर, घाट और अन्य विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
पंचायतन मंदिर के भूमिपूजन के साथ ओंकारेश्वर धाम के विकास को धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

