खंडवा। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार, 26 अगस्त को खंडवा में ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर में विभिन्न स्थानों से निकले जुलूस ईमलीपुरा में एकत्र हुए। यहां से जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस ईमलीपुरा पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
जुलूस बड़ाबम, तीन पुलिया, रेलवे स्टेशन रोड, बांबे बाजार, नगर निगम, जलेबी चौक होते हुए मेडिकल चौराहे से वापस ईमलीपुरा पहुंचा। जुलूस के दौरान डीजे पर युवाओं ने नृत्य किया और जगह-जगह आतिशबाजी भी की गई।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर में करीब 550 पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील इलाकों और पूरे जुलूस मार्ग पर पुलिस बल मौजूद रहा।
जुलूस मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया था। प्रमुख मार्गों और गलियों में भी बैरिकेडिंग की गई।
