खंडवा। “सशक्त युवा–सशक्त भारत” अभियान के तहत हॉली स्पिरिट स्कूल, खंडवा के कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को जिला एवं सत्र न्यायालय का शैक्षणिक एवं विधिक जागरूकता भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने न्यायालय की कार्यप्रणाली और न्यायिक प्रक्रिया को करीब से समझा।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के कार्यालय से हुई। विद्यार्थियों को प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, उपलब्ध विधिक सेवाओं तथा जिला न्यायालय की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। साथ ही उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, उपभोक्ता अधिकार, पॉक्सो अधिनियम और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने न्यायालयीन कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा और न्यायिक प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं को समझा। न्यायाधीश ने विद्यार्थियों से संवाद कर न्यायालय की कार्यप्रणाली से जुड़ी जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रश्न पूछे, जिनका न्यायाधीश ने सहज भाषा में समाधान किया।
निःशुल्क विधिक सेवाओं की दी जानकारी
भ्रमण के बाद विद्यार्थी पुनः जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। यहां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पीयूष भावे ने विद्यार्थियों की विधिक एवं न्यायिक जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह ने भी विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में हॉली स्पिरिट स्कूल की प्राचार्या सिस्टर रोज एंथनी सहित शिक्षक नितिन पाराशर, प्रीति साकले, ओलिविया मार्टिन, रीना कानुगो, स्वाति यादव, अंजली रौतेला, संतोष गायकवाड़ और जुनेद खान उपस्थित रहे।
