खंडवा। रेलवे ओवरब्रिज पर एक टैंकर से तेल रिसाव होने के कारण सड़क पर तेल फैल गया। इससे वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना होने की आशंका बढ़ गई थी। सूचना मिलते ही खंडवा यातायात पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस टीम ने मौके पर यातायात को नियंत्रित करते हुए सड़क पर फैले तेल को सोखने के लिए चूना पाउडर डलवाया। इसके बाद सड़क की स्थिति का जायजा लेकर उसे वाहनों के आवागमन के लिए सुरक्षित बनाया गया। कार्रवाई के बाद यातायात को सुचारू रूप से संचालित कराया गया।

समय पर कार्रवाई से टला हादसा
तेल फैलने के कारण ओवरब्रिज पर वाहन फिसलने की संभावना बनी हुई थी। यातायात पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया गया।

यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा, दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए कार्रवाई करती है। पुलिस ने वाहन चालकों से भी अपील की कि ऐसी परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें।
