खंडवा। आगामी त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत करने के उद्देश्य से बुधवार को खंडवा शहर में पुलिस एवं प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।

जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील मार्गों का भ्रमण किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिलाने के साथ असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना भी रहा। पुलिस ने नागरिकों से त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

