खंडवा। डीईजी इंस्टीट्यूट में सोमवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री सुयश परनाम ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनों और उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, यातायात अधिनियम और सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना जरूरी है। विद्यार्थियों से कानून का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जा रही निशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न विधिक सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्राधिकरण की ओर से विभिन्न सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में संस्थान के संचालक श्री राजीव मीणा, मनीष पाटिल, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। पैरा लीगल वॉलंटियर श्रीमती अनीता यादव और सुश्री नेहा यादव ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
