खंडवा। सिंधी कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री झूलेलाल मंदिर में चल रहे चालिहा पर्व की पूर्णाहुति सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ होगी। श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल के तत्वावधान में समाजजनों द्वारा 40 दिन तक रखे गए कठिन उपवासों की पूर्णाहुति के अवसर पर विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान 21 जोड़े एक साथ यज्ञ में आहुतियां देंगे, जबकि बहराणा साहब का भव्य चल समारोह और आकर्षक मटकी-कलश शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल के अध्यक्ष मोहन दीवान, सचिव हरीश आसवानी और प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे मंदिर परिसर में 21 जोड़े विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां देंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे बहराणा साहब का चल समारोह बैंड-बाजों के साथ सिंधी कॉलोनी और टैगोर कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से निकलेगा।
मातृशक्ति भी होगी शामिल
चल समारोह में शाम 6 बजे से मातृशक्ति और युवा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। समारोह का समापन मंदिर परिसर में घट विसर्जन के साथ किया जाएगा। इसके बाद रात 7 बजे भगवान श्री झूलेलाल मंदिर में पर्व की महाआरती होगी।
मंडल के मनोहरलाल सबनानी और कोषाध्यक्ष रवि गिदवानी ने बताया कि रात 9 बजे श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के सेवाभावी युवाओं द्वारा रंग-बिरंगी रोशनी के बीच आकर्षक मटकी-कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी।
25 अगस्त को होगा विशाल आम भंडारा
चालिहा पर्व के समापन के अवसर पर मंगलवार, 25 अगस्त को श्री झूलेलाल मंदिर प्रांगण में दोपहर 1 बजे से विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने समाजजनों से सभी धार्मिक आयोजनों और भंडारे में शामिल होकर पर्व का लाभ लेने की अपील की है।
आयोजन को सफल बनाने में श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल, श्री पूज्य सिंधी पंचायत, श्री झूलेलाल समर्थ पैनल, श्री पिपलेश्वर झूलेलाल भजन मंडली और सिंधी सेवा मंडली सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
