खंडवा। आगामी प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में महापौर अमृता अमर यादव ने जल विभाग समिति अध्यक्ष राजेश यादव के साथ जिलोध्यान भैरव तालाब परिसर में निर्माणाधीन कृत्रिम कुंड का औचक निरीक्षण किया।
महापौर ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कार्य एजेंसी के कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कृत्रिम कुंड के निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और सभी जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
ऐतिहासिक पद्म कुंड के संरक्षण पर जोर
महापौर ने कहा कि धार्मिक आस्था और परंपराएं शहर की पहचान हैं, वहीं प्राचीन जलस्रोत और ऐतिहासिक धरोहर भी हमारी जिम्मेदारी हैं। इसी उद्देश्य से प्रतिमा विसर्जन के लिए कृत्रिम कुंड तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम कुंड तैयार होने के बाद शहर की प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित कुंड में ही कराया जाएगा। इससे प्राचीन पद्म कुंड और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण के साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील
महापौर ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम द्वारा तैयार किए जा रहे कृत्रिम कुंड का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन श्रद्धा के साथ करते हुए जलस्रोतों और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है।
