खंडवा। श्रावण पुत्रदा एकादशी का पर्व शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर खाटू श्याम मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिरों में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही और भक्ति का माहौल नजर आया।
कर्मवीर सिटी स्थित नरेश खाटू श्याम मंदिर में सुबह पट खुलते ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। भक्तों ने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी अंकित पाल और तपन डोंगरे के अनुसार पुत्रदा एकादशी के अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशेष झूला स्वरूप में आकर्षक शृंगार किया गया। फूलों और विभिन्न सजावटी सामग्री से मंदिर परिसर को भी सजाया गया।
श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ बाबा के दर्शन किए और भजन-कीर्तन में सहभागिता की। एकादशी के धार्मिक महत्व को देखते हुए मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्थाएं की गई थीं।
पर्व के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
