खंडवा। मांधाता थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती को परेशान करने और एआई से अश्लील फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को नामामी रिट्रीट होटल में काम करने वाली युवती ने थाना मांधाता में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति इंस्टाग्राम पर namami_retreat_1 नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसे परेशान कर रहा था और मिलने के लिए दबाव डाल रहा था।
युवती के अनुसार, मिलने से इनकार करने पर आरोपी ने एआई की मदद से उसकी न्यूड फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 238/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2), 79, 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 और 67ए के तहत मामला दर्ज किया।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस ने फरियादी द्वारा उपलब्ध कराए गए स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और 23 अगस्त 2026 को विशाल पिता सुरेश कुशवाह (24), निवासी छोला रोड, जिला भोपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया। इसके बाद आरोपी को खंडवा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट मिलने पर उसे जिला जेल खंडवा भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनोखसिंह सिंदया, उप निरीक्षक चेतना चौहान, प्रधान आरक्षक कृपाराम परिहार, प्रधान आरक्षक भगवान धनगर, आरक्षक अमित कुशवाह, नितेश पाठक, पवन महाजन और सुरेन्द्र बरेडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
