खंडवा। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन ने वर्ष 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनधारकों को भी पुनरीक्षित पेंशन का लाभ देने की मांग उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि महंगाई के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सभी पात्र पेंशनरों को समान रूप से पेंशन पुनरीक्षण का लाभ मिलना चाहिए।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरुण सोनी ने कहा कि पेंशन पुनरीक्षण का उद्देश्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। लंबे समय से सेवा देने वाले पेंशनरों को भी संशोधित पेंशन का लाभ मिलना चाहिए, ताकि उनके जीवन-यापन में आर्थिक कठिनाइयां कम हो सकें।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनधारकों को पुनरीक्षित पेंशन से वंचित रखना उचित नहीं है। एसोसिएशन ने शासन से मामले पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए सभी पात्र पेंशनरों को पुनरीक्षित पेंशन का लाभ देने की मांग की है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार पेंशनरों की मांग पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक आदेश जारी करेगी।
