खंडवा। जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए छात्र साहिल लोचब को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खंडवा में कोतवाली थाना परिसर में धरना दिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पैलेट गन के इस्तेमाल से साहिल लोचब गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद शासन और प्रशासन की ओर से अब तक न तो माफी मांगी गई और न ही कोई खेद जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार के खिलाफ गंभीर मामला बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस के मुताबिक, घायल छात्र साहिल लोचब जब न्याय की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराने संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे तो उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उनके साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में धरने पर बैठे।
इसी के समर्थन में कांग्रेस ने देशभर में धरना-प्रदर्शन का आह्वान किया। इसी क्रम में खंडवा में भी कांग्रेसजन कोतवाली थाना परिसर में धरने पर बैठे और छात्र को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इस अधिकार के तहत प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई और शिकायत दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
