खंडवा में डायल-112 ने घर से भटके दो मासूमों को परिजनों से मिलाया, रात में सुरक्षित पहुंचाया घर

खंडवा में डायल-112 ने घर से भटके दो मासूमों को परिजनों से मिलाया, रात में सुरक्षित पहुंचाया घर

खंडवा में डायल-112 ने घर से भटके दो मासूमों को परिजनों से मिलाया, रात में सुरक्षित पहुंचाया घर

खंडवा। जिले के पंधाना थाना क्षेत्र में डायल-112 पुलिस जवानों ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए घर से भटक गए दो मासूम बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया। दोनों बच्चे 8 और 6 वर्ष के बताए गए हैं। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

बुधवार रात राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खिराला में दो बच्चे मिले हैं। दोनों घर का रास्ता भटक गए हैं और उन्हें पुलिस सहायता की जरूरत है। सूचना मिलते ही पंधाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल मौके पर भेजा गया।

बच्चों से प्यार से बातचीत कर जुटाई जानकारी

डायल-112 के आरक्षक धर्मेंद्र और पायलट बबलू मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। जवानों ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत कर उनके बारे में जानकारी जुटाई। बच्चों ने बताया कि वे लिंगी फाटा गांव के रहने वाले हैं और रास्ता भटक गए हैं।

इसके बाद पुलिस जवान दोनों बच्चों को लेकर लिंगी फाटा पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ और परिजनों की तलाश के बाद बच्चों के परिवार का पता चल गया। आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

खेलते-खेलते घर से दूर निकल गए थे

परिजनों ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर से काफी दूर निकल गए थे और रास्ता भटक गए। रात में बच्चों के मिलने से परिवार की चिंता दूर हुई। बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने डायल-112 सेवा और पुलिस जवानों की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना की।

डायल-112 की यह कार्रवाई बताती है कि आपातकालीन सहायता के साथ पुलिस टीम बच्चों और आमजन की सुरक्षा के लिए भी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।