ग्राहकों के दस्तावेजों से फर्जी खाते खोलकर 22.88 लाख की धोखाधड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

ग्राहकों के दस्तावेजों से फर्जी खाते खोलकर 22.88 लाख की धोखाधड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

ग्राहकों के दस्तावेजों से फर्जी खाते खोलकर 22.88 लाख की धोखाधड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

खंडवा। खंडवा पुलिस ने ग्राहकों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाते खुलवाने और लोन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपियों द्वारा करीब 40 लोगों के नाम पर फर्जी खाते खोलकर श्रीराम फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड से 22 लाख 88 हजार 567 रुपये का गबन किए जाने का मामला सामने आया है।

मामले की शिकायत पंधाना निवासी संजय पिता विनोद तंवर, लीगल डिपार्टमेंट एरिया हेड, श्रीराम फाइनेंस द्वारा की गई थी। शिकायत में बताया गया कि श्रीराम फाइनेंस के पूर्व टू-व्हीलर सेल्स एग्जीक्यूटिव विपुल ठाकुर और उसके पांच अन्य साथियों ने लोन के लिए आने वाले ग्राहकों से उनके दस्तावेज लिए और उनका इस्तेमाल कर फर्जी बैंक खाते खुलवाए।

आरोप है कि इन फर्जी खातों के माध्यम से ग्राहकों के नाम पर लोन करवाकर श्रीराम फाइनेंस के पैसों का गबन किया गया। जांच में करीब 40 व्यक्तियों के नाम पर फर्जी खाते खोले जाने और कुल 22.88 लाख रुपये की राशि के गबन की जानकारी सामने आई।

तीन आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर हरसूद थाने में अपराध क्रमांक 283/26 के तहत धारा 316(2), 318, 336(3), 338 एवं 61(2)(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में विपुल पिता पदमसिंह ठाकुर (32), निवासी सेक्टर नंबर-6 हरसूद, श्यामसिंह पिता नत्थुसिंह सावनेर, निवासी इंदौर नाका के पीछे खंडवा और शिवम पिता सेवकराम महाजन, निवासी चमाटी शामिल हैं। तीनों को पुलिस रिमांड पर लेकर मामले में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी देवीराज पिता भानूप्रताप सिंह निवासी देशगांव, विशाल कोचले पिता शिवचरण कोचले निवासी ग्राम सिरसोद और विजयराज पिता प्रहलादसिंह ठाकुर निवासी मथानी बुजुर्ग की तलाश जारी है। पुलिस ने उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार करने की बात कही है।

पुलिस मामले में फर्जी खातों, लोन प्रक्रिया और गबन की राशि से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।