खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र में डायल-112 की एफआरवी टीम ने तत्परता दिखाते हुए घर से भटककर दूसरे गांव पहुंचे दो बालकों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार 20 अगस्त 2026 को एफआरवी वाहन को सूचना मिली कि दो बालक अपने घर से भटककर ग्राम खिराला पहुंच गए हैं। सूचना मिलते ही डायल-112 के आरक्षक धर्मेंद्र और पायलट बबलू तत्काल ग्राम खिराला पहुंचे।
पुलिसकर्मियों ने दोनों बालकों से संवेदनशीलता और स्नेहपूर्वक बातचीत की। बालकों ने बताया कि वे ग्राम लिंगी फाटा के रहने वाले हैं और रास्ता भटकने के कारण ग्राम खिराला पहुंच गए। इसके बाद एफआरवी टीम दोनों बालकों को लेकर ग्राम लिंगी फाटा पहुंची और परिजनों की तलाश शुरू की।
परिजनों के मिलने पर पुलिस टीम ने आवश्यक तस्दीक की और दोनों बालकों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने डायल-112 टीम का आभार व्यक्त किया।
