संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा पहुंची खंडवा, जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा पहुंची खंडवा, जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा पहुंची खंडवा, जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत

खंडवा। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन-दर्शन, समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में भोपाल से मंगलवार को रवाना हुई पावन कलश रथयात्रा गुरुवार को खंडवा जिला मुख्यालय पहुंची।

जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने पावन कलश रथयात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, खंडवा महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर सहित यात्रा संयोजक श्री सूरजपाल सिंह सोलंकी, सह संयोजक सुधांशु जैन, भरत पटेल और आनंद चौहान मौजूद रहे।

संत रविदास का संदेश समरस समाज का आधार

सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास का संदेश समाज में व्याप्त विषमता को समाप्त कर समरसता और भ्रातृभाव स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि संत रविदास की जयंती समाज द्वारा श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाई जा रही है। वर्तमान समय की आवश्यकता है कि उनके कालजयी विचारों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाया जाए।

खंडवा विधायक श्रीमती कंचन तन्वे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र “सबका साथ, सबका विकास” संत रविदास के विचारों की ही प्रतिध्वनि है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में लाकर उसे आगे बढ़ाना ही संत रविदास के संकल्पों की वास्तविक सिद्धि है।

पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाओं को आत्मसात करना सभी के लिए गौरव का विषय है। महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने सागर में 102 करोड़ रुपये की लागत से संत रविदास मंदिर एवं स्मारक निर्माण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर ने कहा कि सभी को संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता को और मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

10 सितंबर तक गांवों में पहुंचेगी यात्रा

पावन कलश रथयात्रा 20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण करेगी। इस दौरान सामूहिक आरती, गुरुवाणी पाठ, भजन संध्या, समरसता संकल्प सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय संतों, गुरुओं, समाज के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी।