तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान, पंधाना के स्कूलों में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान, पंधाना के स्कूलों में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान, पंधाना के स्कूलों में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

खंडवा/पंधाना। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को ब्लॉक पंधाना में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. सुजीत वर्मा ने पंधाना एवं रुस्तमपुर के सांदीपनी स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों को तंबाकू उत्पादों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। इससे कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित 40 से अधिक गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने अपने विद्यालय को तंबाकू मुक्त रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. वर्मा ने कोटपा अधिनियम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना तथा नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचना दंडनीय अपराध है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहें और अपने परिजनों एवं परिचितों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें।

कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से स्कूल परिसर को तंबाकू मुक्त रखने और विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।