खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत अधिकारियों का दल 21 अगस्त को पुनासा विकासखंड के ग्राम अटूटखास का दौरा करेगा।
अभियान के तहत अटूटखास और आसपास की ग्राम पंचायतों में सीएम हेल्पलाइन तथा जनसुनवाई के माध्यम से लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके साथ ही लोक सेवा गारंटी से जुड़े लंबित आवेदनों का भी समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत अब प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा और निरीक्षण करेंगे। इस दौरान अधिकारी ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही निराकरण की दिशा में कार्रवाई करेंगे।
21 अगस्त को अटूटखास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी। अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की भी जानकारी ली जाएगी। कार्यक्रम में ग्रामीणों को उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के संबंध में जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और लंबित शिकायतों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है।
