खंडवा। आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खंडवा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी बढ़ाने के साथ आमजन से सीधे संवाद किया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अगम जैन, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे, सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने कहारवाड़ी और गुलमोहर कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण किया। अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से बातचीत कर त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
अधिकारियों ने लोगों से कहा कि आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।

