खंडवा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को 23 टीबी मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट वितरित किए गए। यह पहल निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों की उपस्थिति में मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए। इस दौरान टीबी मरीजों के उपचार के साथ उन्हें पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि टीबी के उपचार के दौरान दवाओं के साथ उचित पोषण बेहद जरूरी है। नियमित रूप से दवा लेने और करीब छह महीने तक पर्याप्त पोषण प्राप्त करने से मरीजों के जल्द स्वस्थ होने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
डॉ. राठौड़ ने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव भानू पटेल, सदस्य योगेश कोटवाले, राधेश्याम कुशवाह, आशीष अग्रवाल, रविन्द्र सिंह, योगेन्द्र उपाध्याय तथा जिला समन्वयक हुसैन कुरैशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
