खंडवा। बारिश के मौसम में नदी-नालों, रपटों और पुल-पुलियाओं पर अचानक पानी का बहाव बढ़ने से हादसों की आशंका रहती है। इसे देखते हुए खंडवा पुलिस ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव की स्थिति में ऐसे स्थानों से आवागमन नहीं करने की सलाह दी है।
पुलिस ने कहा कि तेज बहाव वाली धाराओं, रपटों और पुल-पुलियाओं पर मछली पकड़ने के लिए बैठना खतरनाक हो सकता है। इसके अलावा बहते पानी के पास वाहन से स्टंट करने या फोटो-वीडियो बनाने से भी बचना चाहिए। बाइक, कार या अन्य वाहन से तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
जलमग्न रपटों को पार न करें
खंडवा पुलिस ने लोगों को चेताया कि पानी की गहराई और बहाव का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में जलमग्न रपटों को पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। खासकर रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में नदी-नालों, रपटों और पुल-पुलियाओं के आसपास जाने से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों को भी नदी-नालों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की अपील की है। प्रशासन या पुलिस द्वारा किसी मार्ग को बंद किए जाने की स्थिति में बैरिकेडिंग को हटाने या पार करने के बजाय निर्देशों का पालन करते हुए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में हेल्पलाइन पर करें संपर्क
खंडवा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। आपात स्थिति में खंडवा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049155949 पर संपर्क किया जा सकता है।
