ओंकारेश्वर में गहरे पानी में गए 4 श्रद्धालु, 3 को सुरक्षित बचाया; एक की मौत

ओंकारेश्वर में गहरे पानी में गए 4 श्रद्धालु, 3 को सुरक्षित बचाया; एक की मौत

ओंकारेश्वर में गहरे पानी में गए 4 श्रद्धालु, 3 को सुरक्षित बचाया; एक की मौत

ओंकारेश्वर। नर्मदा नदी में स्नान के दौरान ओंकारेश्वर के केवलराम घाट पर बड़ा हादसा हो गया। लखनऊ, उत्तर प्रदेश से आए चार श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए। सूचना मिलते ही घाट पर तैनात होमगार्ड और एसडीईआरएफ के जवानों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जवानों ने तीन श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने बताया कि घाट पर तैनात जवान लगातार श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने की समझाइश दे रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से आए चार युवक फोटो और वीडियो बनाने के लिए गहरे पानी में चले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही होमगार्ड जवान नागेंद्र शर्मा और एसडीईआरएफ जवान उदय सोलंकी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, चौथे युवक को गंभीर हालत में नदी से बाहर निकाला गया। जवानों ने घाट पर ही उसे सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया और तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सेल्फी और वीडियो के लिए गहरे पानी में न जाएं

हादसे के बाद होमगार्ड विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा नदी में केवल निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। घाटों पर तैनात सुरक्षा जवानों और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने कहा कि सेल्फी और वीडियो बनाने के लिए गहरे पानी में जाना जानलेवा साबित हो सकता है। श्रद्धालु अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और गहरे पानी तथा तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहें।