खंडवा। शहर में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 11 वर्षीय बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजीम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा सोमवार दोपहर से लापता था। देर रात चीरा खदान के पास बने गड्ढे के नजदीक उसके कपड़े और चप्पल मिलने के बाद परिजनों और रहवासियों को उसके पानी में डूबने की आशंका हुई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने गड्ढे में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद पानी से अजीम का शव बाहर निकाला गया।
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक खदान क्षेत्र में बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे का खतरा बना रहता है। अजीम की मौत के बाद लोगों ने प्रशासन से ऐसे खुले और पानी से भरे गड्ढों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और बच्चे के गड्ढे तक पहुंचने की वजह का पता लगाया जा रहा है।
