खंडवा। आधुनिक दौर में तकनीक और रोबोटिक्स के बढ़ते महत्व को देखते हुए बच्चों के बौद्धिक एवं तकनीकी विकास के लिए शनिवार, 15 अगस्त को पोरवाड़ दिगंबर जैन धर्मशाला, सराफा में विशेष रोबोटिक्स कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अमेरिका से खंडवा आए विद्यार्थी रिद्धेश रोहित जैनी ने बच्चों को रोबोटिक्स की बारीकियां समझाईं।
समाज के पूर्व ट्रस्टी प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि रिद्धेश, खंडवा निवासी रोहित जैनी एवं ऋचा जैनी के पुत्र हैं। वे वर्तमान में अमेरिका में हाई स्कूल के विद्यार्थी हैं और फर्स्ट रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विभिन्न रोबोटिक्स प्रोजेक्ट्स में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं।

35 से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा
कार्यशाला में जैन समाज के 35 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रिद्धेश जैनी ने बच्चों को बेहद सरल और रोचक तरीके से रोबोटिक्स के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी। बच्चों को केवल किताबी जानकारी तक सीमित न रखते हुए रोबोटिक्स के व्यावहारिक पहलुओं से भी परिचित कराया गया।
कार्यशाला में रोबोटिक्स के भविष्य, रोबोट बनाने की बुनियादी तकनीक और रोजमर्रा के जीवन में रोबोटिक्स के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। प्रायोगिक जानकारी मिलने से बच्चों में तकनीक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
समाज पदाधिकारियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र जैन और सचिव नितिन जैन विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में बच्चों के तकनीकी और बौद्धिक विकास के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए। इस तरह की कार्यशालाएं बच्चों की सोचने और समस्या को समझने की क्षमता को नई दिशा देती हैं।
कार्यशाला के आयोजन में अनुराग जैन, मून जैन और उनके साथियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे भी ऐसे रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में रोहित जैनी ने अतिथियों, बच्चों, अभिभावकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
