खंडवा। शादी समारोहों में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के लिए श्री तिरोले कुनबी पटेल समाज ने सामाजिक स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। समाज ने विवाह समारोहों में DJ बजाने सहित कुछ अन्य आयोजनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। नियमों का उल्लंघन करने पर वर और वधु दोनों पक्षों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
समाज के निर्णय के अनुसार यदि किसी परिवार की शादी में बारात के दौरान DJ बजाया जाता है तो वर पक्ष और वधु पक्ष पर 21-21 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यानी नियम तोड़ने पर दोनों पक्षों से कुल 42 हजार रुपये की राशि वसूली जा सकती है।
प्री-वेडिंग और रिंग सेरेमनी पर भी रोक
समाज ने शादी से पहले होने वाले प्री-वेडिंग शूट और रिंग सेरेमनी जैसे आयोजनों को लेकर भी रोक लगाने का निर्णय लिया है। समाज का मानना है कि ऐसे आयोजनों के चलते विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च और दिखावे की प्रवृत्ति बढ़ रही है।
नियम के बाद लोगों ने कैंसिल कराई बुकिंग
समाज के इस फैसले के बाद कुछ परिवारों ने शादी समारोह के लिए की गई DJ और अन्य आयोजनों की बुकिंग तक कैंसिल कराना शुरू कर दिया है। समाज पदाधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य किसी परिवार पर आर्थिक बोझ डालना नहीं, बल्कि सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देना और सामाजिक स्तर पर फिजूलखर्ची को कम करना है।
समाज के इस निर्णय को लेकर सदस्यों में चर्चा है। अब आने वाले विवाह समारोहों में इन नियमों के पालन पर समाज की नजर रहेगी।
