खंडवा में कांग्रेस का पैदल मार्च: खड़गे के अपमान पर भड़के कार्यकर्ता, भाजपा पर साधा निशाना

खंडवा में कांग्रेस का पैदल मार्च: खड़गे के अपमान पर भड़के कार्यकर्ता, भाजपा पर साधा निशाना

खंडवा में कांग्रेस का पैदल मार्च: खड़गे के अपमान पर भड़के कार्यकर्ता, भाजपा पर साधा निशाना

खंडवा : उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच का कथित रूप से ‘हवन एवं शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और पैदल मार्च निकाला।

अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर एकत्र हुए कांग्रेसी

शुक्रवार को खंडवा के प्रमुख मार्गों से होता हुआ कांग्रेस का पैदल मार्च बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर पहुंचा। जहां कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विरोध सभा आयोजित की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार और उससे जुड़े संगठनों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के सर्वोच्च विपक्षी नेता और दलित समाज से आने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच को धोना या हवन कर शुद्धिकरण करना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। नेताओं ने आरोप लगाया कि यह घटना भाजपा और संघ से जुड़े संगठनों की संकुचित और “दलित विरोधी” मानसिकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

कांग्रेस वक्ताओं ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने देश को समानता का अधिकार दिया है, लेकिन सत्ताधारी दल और उससे जुड़े संगठन सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने और दलित व शोषित समाज का अपमान करने का काम कर रहे हैं।

सख्त कार्रवाई की मांग

खंडवा कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि देश में इस तरह की छुआछूत और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर तुरंत अंकुश नहीं लगाया गया और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी इस आंदोलन को ब्लॉक और पंचायत स्तर तक ले जाएगी।

प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रमुख पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।