खंडवा। जिले में लगातार हो रही बारिश और आपदा प्रबंधन की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के जवानों ने राष्ट्रभक्ति का संदेश देते हुए ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा यात्रा एवं राष्ट्रध्वज सम्मान रैली निकाली।
रैली का आयोजन होमगार्ड लाइन से किया गया। इस दौरान जवान हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ शामिल हुए और लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देशप्रेम का संदेश दिया।
रैली में होमगार्ड के जिला कमांडेंट आशीष कुमार कुशवाहा, कंपनी कमांडर रविंद्र महिवाल सहित होमगार्ड और एसडीईआरएफ का संपूर्ण स्टाफ उत्साहपूर्वक शामिल हुआ।
बारिश और आपदा प्रबंधन की ड्यूटी के बीच जवानों की यह तिरंगा रैली देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देती नजर आई। जवानों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ नागरिकों में राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।
