पंधाना। ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश में शुरू किए गए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पंधाना विकासखंड के ग्राम गांधवा में शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, पंधाना एसडीएम दिनेश सावले, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा काले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

अग्नि पीड़ित महिला को ₹10 हजार की सहायता
मंत्री विजय शाह ने अग्नि दुर्घटना से पीड़ित लछोरा पंचायत के ग्राम कालपाट निवासी आशाबाई को ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत चयनित हितग्राहियों को भी सहायता वितरित की गई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत 225 हितग्राहियों का पंजीयन कराया गया। मंत्री शाह ने ग्रामीणों से अपील की कि वे गांव में आयोजित होने वाले जनविश्वास अभियान के शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।
उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए विकासखंड या जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। अब सरकार ने गांव में ही शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने की व्यवस्था की है।

लंबित आवेदनों के निराकरण के निर्देश
प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ जनसुनवाई, सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत गांधवा एवं आसपास की ग्राम पंचायतों के लंबित आवेदनों के निराकरण की व्यवस्था भी की गई।
उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते से संबंधित OTP, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने बढ़ते साइबर धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की।
अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा ने बताया कि शिविर के साथ प्याज उत्पादन विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की गई। उन्होंने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन और आय बढ़ाने की अपील की।

226 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 226 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 75 मरीजों की हेपेटाइटिस बी, सिफलिस, HIV/AIDS और सामान्य रोगों की जांच की गई।
वहीं, टीबी के संभावित 155 मरीजों का हैंड-हेल्ड मशीन से एक्स-रे किया गया। शिविर में 31 पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और 5 लोगों को विकलांगता प्रमाण पत्र बनाकर वितरित किए गए।
मंत्री विजय शाह ने टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी प्रदान किए। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत, सिविल सर्जन डॉ. अनिरुद्ध कौशल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल और प्रमुख खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार मौजूद रहे।