खंडवा। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जिले में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा छैगांवमाखन में तिरंगा कार्यक्रम और मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीण और स्कूली विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान अमृत सरोवर एवं पानी की टंकी पर तिरंगा फहराया गया। इसके बाद सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को वर्षा जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नल-जल योजना के तहत मिलने वाले पानी का अनावश्यक अपव्यय रोकने की अपील की गई। अधिकारियों ने जल के महत्व और भविष्य के लिए पानी बचाने की आवश्यकता पर भी जानकारी दी।
प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने जिले के सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ तिरंगा रैली और तिरंगे से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन यंत्री सुश्री वर्षा शिवपुरे सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री, विभागीय कर्मचारी, ग्रामीणजन और विद्यार्थी मौजूद रहे।
