खंडवा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को खंडवा जिला मुख्यालय पर एक भव्य एवं विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। जन-प्रतिनिधियों और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में निकाली गई इस रैली ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

रैली का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम से हुआ। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—कहारवाड़ी, बजरंग चौक, जलेबी चौक, नगर निगम, घंटाघर और रेलवे स्टेशन से होते हुए बस स्टैंड पहुंची, जहां से वापस कंट्रोल रूम आकर इसका समापन हुआ। पूरी यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से शहर गुंजायमान रहा।

जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने संभाली कमान इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्रीमती कंचन तन्वे, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, नगर निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

रैली के दौरान शहरवासियों से अपील की गई कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अपने-अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों पर गर्व से राष्ट्रध्वज फहराएं और इस राष्ट्रीय उत्सव में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
