खंडवा/ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में श्रद्धालुओं का सामान चोरी करने वाले गिरोह का मांधाता थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग चोरी के मामलों में दो महिलाओं समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और सोने के ब्रेसलेट सहित एक लाख रुपये से अधिक का चोरी का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह एक परिवार ओंकारेश्वर दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए पहुंचा था। सुबह करीब 7 बजे परिवार ब्रह्मपुरी घाट पर स्नान करने गया। इस दौरान उन्होंने अपने कपड़े और अन्य सामान प्लास्टिक की पन्नी में रख दिए थे।
स्नान के बाद लौटने पर परिवार को सामान गायब मिला। इसमें 49 हजार रुपये नकद और करीब डेढ़ साल की बच्ची के हाथ में पहना सोने का ब्रेसलेट भी शामिल था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मिडिया रिपोर्ट के अनुसार जांच के दौरान पुलिस को देर रात सूचना मिली कि घाट और बाजार क्षेत्र में चोरी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य नए बस स्टैंड स्थित शौचालय के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में चंदू, उसका पुत्र शक्ति, पत्नी दुर्गाबाई, अशोक, सीनू, अमर, मुरली, विजय, शिवकुमार और लक्ष्मीबाई शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि छह आरोपी उज्जैन के रहने वाले हैं, जबकि चार आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने श्रद्धालुओं के सामान चोरी करने की वारदात स्वीकार की है।
पुलिस जांच में आरोपी अमर के खिलाफ लखनऊ में चोरी के तीन मामले दर्ज पाए गए हैं। वहीं मुरली, चंदू और शक्ति के खिलाफ दमन और दीव में चोरी के एक-एक मामले की जानकारी सामने आई है। इससे गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय पुनासा में पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल खंडवा भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
