खंडवा: पवित्र ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर से पवित्र नर्मदा जल लेकर निकली भव्य ‘जय हिंदू राष्ट्र कांवड़ यात्रा’ अपने निर्धारित पड़ावों को तय करते हुए खंडवा शहर पहुंची। शहर की सीमा में प्रवेश करते ही हजारों कांवड़ियों का जगह-जगह मंच बनाकर पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
ओंकारेश्वर के गणेश नगर से हनुमान चालीसा पाठ और भगवा ध्वज पूजन के साथ शुरू हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए शामिल हुए। कांवड़ यात्रा जब देशगांव होते हुए खंडवा शहर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण के लिए निकली, तो पूरा शहर भगवामय हो गया। ‘जय हिंदू राष्ट्र’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के गूंजते जयकारों से समूचा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शहर भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा कांवड़ियों के लिए जलपान, फलाहार और महाप्रसादी की व्यवस्था की गई। यात्रा का समापन प्रसिद्ध ऐतिहासिक श्री महादेवगढ़ मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ होगा।
सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे शहर भ्रमण मार्ग पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष बल तैनात किया गया है।
