रांची: झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली व पेपर लीक के खिलाफ अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर सोमवार को अभ्यर्थियों ने राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर विधानसभा घेराव मार्च निकाला।
इस मार्च का सबसे प्रमुख दृश्य तब देखने को मिला जब पिछले नौ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो खुद एंबुलेंस और स्ट्रेचर के सहारे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। कंटीले तारों और पुलिस बैरिकेडिंग को पार करते हुए पहुंचे महतो को अन्य छात्रों ने स्ट्रेचर पर उठाकर आगे बढ़ाया।
मीडिया से बातचीत करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने कहा, “मैं पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर हूं और चलने की स्थिति में नहीं हूं, लेकिन इसके बावजूद अपनी जान जोखिम में डालकर यहां आया हूं। मुझे पता है कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस के साथ टकराव या भगदड़ मच सकती है और आंसू गैस के गोले भी छोड़े जा सकते हैं, लेकिन सरकार को अभ्यर्थियों की जायज मांगें माननी ही होंगी।”
गौरतलब है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और JSSC CGL जैसी प्रमुख परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे हुए हैं। सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर विधानसभा क्षेत्र के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग की है।
