खंडवा: प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने रविवार को खंडवा शहर स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती उत्कृष्ट छात्रावास, सीनियर कन्या छात्रावास एवं महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की छात्राओं से सीधा संवाद कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और परिसर में रहने के दौरान आ रही समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।

दौरे के दौरान मंत्री डॉ. शाह ने हॉस्टल परिसर में ही छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने मौके पर मौजूद जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. नारायण सिंह एवं अन्य अधिकारियों को छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं का तुरंत निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।

छात्राओं को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. शाह ने आश्वस्त किया कि छात्रावास में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय वर्ग की छात्राओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है। छात्राओं के भविष्य और बेहतरी के लिए सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी

