खंडवा। नगर निगम की ओर से शहर में कराए जा रहे सीवरेज, जल निकासी, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस ने गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने इन कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और उनकी निगरानी को लेकर कई सवाल सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप होने चाहिए और इनमें पूरी पारदर्शिता बरती जाना जरूरी है।
कांग्रेस की ओर से इन मुद्दों को लेकर नगरीय प्रशासन विभाग के समक्ष भी शिकायत और जांच की मांग रखी गई है। पार्टी ने मांग की है कि सीवरेज, जल निकासी, सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यों की गुणवत्ता की तकनीकी स्तर पर जांच कराई जाए।
कांग्रेस ने विकास कार्यों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि निर्माण कार्यों के दौरान अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाना चाहिए, ताकि घटिया सामग्री या निर्धारित मापदंडों से हटकर काम होने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कांग्रेस ने मांग की है कि जिन कार्यों में अनियमितता या गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आए, उनमें जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए। पार्टी ने कहा कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
