ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गांव पहुंचा, सुंदरदेव में लगे जन-विश्वास शिविर में मिले 567 से अधिक आवेदन

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गांव पहुंचा, सुंदरदेव में लगे जन-विश्वास शिविर में मिले 567 से अधिक आवेदन

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गांव पहुंचा, सुंदरदेव में लगे जन-विश्वास शिविर में मिले 567 से अधिक आवेदन

खंडवा। नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित और शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की शुरुआत शुक्रवार से हुई। अभियान के तहत खालवा विकासखंड के ग्राम सुंदरदेव में प्रशासनिक अधिकारियों ने शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए।

ग्राम सुंदरदेव में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, हरसूद एसडीएम रमेश खतेड़िया, जनपद पंचायत खालवा की अध्यक्ष सोनताबाई, उपाध्यक्ष सतीबाई, जिला पंचायत सदस्य प्रमिलाबाई और हिराईबाई, सरपंच प्रवीण, सांसद प्रतिनिधि रामचंद्र भाटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए यह अभियान शुरू किया है। इसके तहत अब हर शुक्रवार जिले के अधिकारी किसी एक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण की कार्रवाई करेंगे।

सुंदरदेव में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन अधिकारियों को दिए। सामान्य प्रशासन विभाग के तहत जाति प्रमाण पत्र के 113 आवेदन, राजस्व विभाग में नामांतरण के 60 आवेदन और पीएम किसान योजना से संबंधित 4 आवेदन प्राप्त हुए।

श्रम विभाग में प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के 344 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत वितरण कंपनी और पशुपालन विभाग से संबंधित एक-एक आवेदन भी प्राप्त हुआ।

शिविर में आयोजित आधार पंजीयन सुविधा के माध्यम से 10 ग्रामीणों के आधार कार्ड भी बनाए गए। ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं और उपयोगी जानकारी देने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।

शिविर के बाद प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने सुंदरदेव के आरोग्य केंद्र, प्राथमिक शाला, खाद गोदाम, उचित मूल्य की दुकान, आयुर्वेदिक अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र, सीनियर बालक छात्रावास, सीनियर कन्या छात्रावास, प्राचीन सीनियर बालक छात्रावास और शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का निरीक्षण किया।

वहीं, उपसंचालक कृषि नितेश यादव ने गांव में खाद, बीज, उर्वरक और कीटनाशक विक्रय करने वाली दुकानों अशोक ट्रेडर्स तथा मेसर्स अमरजीत हरभजन किसान ट्रेडर्स का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

अभियान के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकारियों की सीधी पहुंच सुनिश्चित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है।