खंडवा। आगामी सिंहस्थ-2028 में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुरी की विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा का अध्ययन कर लौटे खंडवा पुलिस के अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अगम जैन को विस्तृत रिपोर्ट सौंपते हुए सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव साझा किए।
तीन दिवसीय अध्ययन भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने रथयात्रा में लाखों श्रद्धालुओं के बीच भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन किया।

अधिकारियों ने बताया कि पुरी रथयात्रा में आधुनिक तकनीक, प्रभावी समन्वय और पूर्व नियोजित सुरक्षा रणनीति के जरिए विशाल धार्मिक आयोजन को सफलतापूर्वक संचालित किया जाता है। यही मॉडल सिंहस्थ-2028 सहित मध्यप्रदेश के अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों में भी उपयोगी साबित हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन को प्रस्तुत रिपोर्ट में सुझाव दिया गया कि अध्ययन से प्राप्त अनुभवों को भविष्य की सुरक्षा रणनीति और कार्ययोजना में शामिल किया जाए। इससे सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
मध्यप्रदेश पुलिस का मानना है कि समय रहते की गई यह तैयारी सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
