खंडवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” का शुभारंभ 7 अगस्त से किया जा रहा है। अभियान के तहत अधिकारियों का पहला दौरा खालवा विकासखंड के ग्राम सुंदरदेव में होगा।
प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत अधिकारी प्रत्येक शुक्रवार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वे गांवों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे, शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे तथा मौके पर ही समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुंदरदेव एवं आसपास की ग्राम पंचायतों में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अभियान के पहले दिन अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ग्राम सुंदरदेव में मौजूद रहेंगे। इस दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें और सुझाव सुनेंगे। साथ ही “बच्चों में दागना प्रथा एवं कुपोषण” विषय पर विशेष जागरूकता संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्रामीणों को इन सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बुधवार को ग्राम सुंदरदेव का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अभियान के सफल संचालन और ग्रामीणों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
