खंडवा। साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही खंडवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन आरोपियों को राजस्थान के टोंक जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 55 हजार 200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुशवाह (26), विवेक खिची (30) और आत्माराम मेहरा (28) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी राजस्थान के टोंक जिले के उनियारा क्षेत्र के निवासी हैं।पुलिस के अनुसार, 8 मई 2025 को एक फरियादी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ‘बादशाह ब्रोकर’ नामक कंपनी के नाम पर उसे शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर फरियादी से मोबाइल के माध्यम से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर 21 लाख 63 हजार 970 रुपये की धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के टोंक जिले के उनियारा में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से ₹2.55 लाख नकद बरामद किए गए। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य, निरीक्षक हंसकुमार झींझोरे, पंकज सिंह सोलंकी, शिवम ओझा, रुपेश बामने तथा साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट या ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले अनजान कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
