खंडवा के कन्या छात्रावास में लापरवाही, कच्चे चावल खाने से 25 से ज्यादा छात्राएं बीमार

खंडवा के कन्या छात्रावास में लापरवाही, कच्चे चावल खाने से 25 से ज्यादा छात्राएं बीमार

खंडवा के कन्या छात्रावास में लापरवाही, कच्चे चावल खाने से 25 से ज्यादा छात्राएं बीमार

खंडवा। जिले के आंवलिया स्थित कन्या छात्रावास में भोजन की लापरवाही के कारण 25 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि छात्रावास में अधीक्षक और कर्मचारियों के बीच पिछले आठ दिनों से चल रही तनातनी का खामियाजा छात्राओं को भुगतना पड़ा। मंगलवार सुबह नाश्ते में कच्चे चावल और कद्दू की सब्जी परोसे जाने के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द और असहजता की शिकायत की।

छात्राओं ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद वे छात्रावास पहुंचे। 108 एंबुलेंस की सहायता से करीब 20 से 25 छात्राओं को रोशनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उपचार के बाद बुधवार को सभी छात्राओं को वापस छात्रावास भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जयस संगठन के पदाधिकारी भी छात्रावास पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, छात्रावास में अधीक्षक और कर्मचारियों के बीच पिछले आठ दिनों से विवाद और तनातनी चल रही थी। आरोप है कि इसी अव्यवस्था का असर भोजन व्यवस्था पर पड़ा, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।

घटना के बाद छात्रावास की व्यवस्थाओं और भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा छात्रावासों में भोजन और देखरेख की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।