खंडवा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एसएन कॉलेज) में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में दो दिवसीय ICICI बैंक प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस दौरान बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर पद के लिए विद्यार्थियों की चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य सोमपाल सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव का उद्देश्य विद्यार्थियों को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप करियर निर्माण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. दिलीप पाटीदार ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 89 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से लगभग 60 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, जबकि 29 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा में हिस्सा लिया।
एनआईआईटी के अधिकारी अमित अग्रवाल ने बताया कि ऑनलाइन मूल्यांकन के बाद करीब 15 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया। अंतिम चयन प्रक्रिया अभी जारी है और चयनित अभ्यर्थियों की सूची कंपनी द्वारा बाद में जारी की जाएगी।
प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, ऑनलाइन मूल्यांकन और साक्षात्कार की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। महाविद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
