खंडवा। थाना पदमनगर पुलिस ने गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान युवक पर हुए जानलेवा चाकू हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को अनाज मंडी क्षेत्र में गुरु पूर्णिमा उत्सव के दौरान फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि कुछ अज्ञात लोगों ने पुनासा के रिछफल निवासी राहुल पिता राधेश्याम पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में थाना पदमनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर पहले ही तीन आरोपियों और दो अपचारी बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी थी। इसके बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी रोहित पिता भरतार बंजारा, निवासी ग्राम पालदा पुनर्वास, झिरनिया (जिला खरगोन), हाल निवासी संजय नगर, खंडवा को गिरफ्तार कर लिया गया।
कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद जमरा, सहायक उप निरीक्षक नंदराम वासुरे तथा आरक्षक अनिल वछाने की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
