मुंबई से दर्शन करने आईं दो युवतियां नर्मदा में डूबीं, स्थानीय युवाओं और नाविक ने बचाई जान

मुंबई से दर्शन करने आईं दो युवतियां नर्मदा में डूबीं, स्थानीय युवाओं और नाविक ने बचाई जान

मुंबई से दर्शन करने आईं दो युवतियां नर्मदा में डूबीं, स्थानीय युवाओं और नाविक ने बचाई जान

ओंकारेश्वर (खंडवा)। भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन करने मुंबई से आईं दो युवतियों की जान मंगलवार दोपहर स्थानीय नाविक और युवाओं की सतर्कता से बच गई। नर्मदा नदी में स्नान के दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, मुंबई निवासी सृष्टि और सेजल दर्शन के बाद नर्मदा घाट पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव के बीच गहरे पानी में पहुंच गईं। दोनों ने बचाव के लिए शोर मचाया तो घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई।

मौके पर मौजूद नाविक मुकेश वर्मा और कुछ स्थानीय युवाओं ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय पर किए गए इस साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने दोनों युवतियों को प्राथमिक सहायता दी। राहत की बात यह रही कि दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें, निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और गहरे पानी या तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। विशेष रूप से बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बदल सकता है, इसलिए प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करना आवश्यक है।