ओंकारेश्वर में हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ का खुलासा, 8 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

ओंकारेश्वर में हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ का खुलासा, 8 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

ओंकारेश्वर में हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ का खुलासा, 8 आरोपी पुलिस गिरफ्त में

खंडवा। ओंकारेश्वर में मंगलवार देर रात पुलिस ने एक होटल में चल रहे कथित जुआ फड़ पर दबिश देकर मांधाता विधायक नारायण पटेल के प्रतिनिधि शिवचरण रावत समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 68 हजार रुपये नकद और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की।

जानकारी के अनुसार, होटल में जन्मदिन पार्टी की आड़ में जुआ खेलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारा। दबिश के दौरान सभी आरोपी मौके पर जुआ खेलते मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि गिरफ्तार आरोपियों में विधायक प्रतिनिधि का नाम भी शामिल है।

वहीं, मामले में होटल मालिक को छोड़ने के आरोप भी सामने आए हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि होटल प्रबंधन की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।