खंडवा। संत लक्ष्मण चैतन्य अकादमी, खंडवा में सोमवार को विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक बुराइयों के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश वीरेंद्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
अपने संबोधन में जिला न्यायाधीश श्री जोशी ने विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का अनुसरण करने की अपील की। साथ ही उन्होंने करियर काउंसलिंग पर मार्गदर्शन देते हुए विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने तथा अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं तथा राष्ट्रीय एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर लक्ष्मण सिंह चौहान, प्राचार्य सोनाली चौहान, पैरालीगल वॉलंटियर अनीता यादव, नेहा यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
