4 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी किशोर कुमार की जयंती, खंडवा में होंगे भव्य आयोजन

4 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी किशोर कुमार की जयंती, खंडवा में होंगे भव्य आयोजन

4 अगस्त को धूमधाम से मनाई जाएगी किशोर कुमार की जयंती, खंडवा में होंगे भव्य आयोजन

खंडवा। हरफनमौला कलाकार स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती 4 अगस्त को उनके जन्मस्थल खंडवा में श्रद्धा, संगीत और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मनाई जाएगी। नगर पालिक निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में पूरे दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे किशोर कुमार की समाधि स्थल पर पुष्पांजलि एवं स्वरांजलि से होगी। इस अवसर पर कलाकार और संगीत प्रेमी किशोर दा को उनके सदाबहार गीतों के माध्यम से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

वहीं शाम 7:30 बजे पुरानी कृषि उपज मंडी प्रांगण में भव्य ‘किशोर नाइट’ का आयोजन किया जाएगा। इस सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को सुरों की यादगार शाम का आनंद देंगे।

इस अवसर पर मुंबई के प्रसिद्ध पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘किशोर सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें सम्मान स्वरूप एक लाख रुपये की सम्मान राशि तथा ताम्रपत्र प्रदान किया जाएगा।

किशोर कुमार की जयंती पर आयोजित इन कार्यक्रमों को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों, कलाकारों और नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।