खण्डवा गौरव दिवस: स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दिल

खण्डवा गौरव दिवस: स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दिल

खण्डवा गौरव दिवस: स्कूली विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने जीता दिल

खंडवा। हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय “खण्डवा गौरव दिवस” के दूसरे दिन सोमवार को नगर निगम कार्यालय के सामने बने मंच पर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी बलवंत पटेल, जिला परियोजना समन्वयक पी.एस. सोलंकी, नगर निगम के अधिकारी, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग बिखेर दिए। शासकीय उर्दू स्कूल परदेशीपुरा, सेंट जॉन्स कॉन्वेंट स्कूल, एमएलबी कन्या स्कूल और संत पायस स्कूल के विद्यार्थियों ने किशोर कुमार की पैरोडी पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं आनंदम् विद्या निकेतन के विद्यार्थियों ने कालबेलिया नृत्य से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

इसके अलावा संत जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय धुनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। एमजीएम स्कूल और सांदीपनि विद्यालय आनंद नगर के विद्यार्थियों ने राजस्थानी गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सोफिया कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने पारंपरिक गणगौर नृत्य से कार्यक्रम में लोक संस्कृति की सुंदर झलक पेश की।

तीन दिवसीय खण्डवा गौरव दिवस के तहत 2 से 4 अगस्त तक शहर में सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक सहभागिता निभा रहे हैं।